बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की जर्जर सडक़ों, खुले और क्षतिग्रस्त सीवरेज मेनहोल, टूटी डिवाइडर जालियों तथा जर्जर भवनों की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। ज्ञापन में मां मरी माई एवं खामोश गंज कब्रिस्तान मार्ग, तालापारा की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों ने कहा कि सडक़ काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग का जल्द सुधार कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने तारबाहर चौक से भारतीय नगर चौक तथा महाराणा चौक से मंगला तक के मार्गों की समस्याएं भी आयुक्त के सामने रखीं। इन सडक़ों पर कहीं उभरे तो कहीं धंसे हुए सीवरेज के मेनहोल और डिवाइडरों की टूटी जालियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई। नागरिकों का कहना है कि ये क्षतिग्रस्त हिस्से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। व्यापार विहार स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स, पुराने बीडीए और आरटीओ भवन के जर्जर कॉलमों को लेकर भी चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन भवनों की स्थिति गंभीर है और समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने जर्जर हिस्सों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल में शिवा मिश्र, राजेश शुक्ला, आमीन मुगल, जगदीश त्रिवेदी, पवन तिवारी, बॉबी थॉमस, सृष्टि धर मिश्र, सुदेश दुबे, साथी और राकेश निर्मलकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बदहाल सडक़ों और जर्जर भवनों को सुधारने नागरिकों ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
Read Time:2 Minute, 30 Second