बिलासपुर। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लगातार जारी रखने व आम नागरिकों के आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई करने कहा। भवन निर्माण अनुमति व अवैध प्लाटिंग के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रतिमा स्थापना के लिए बनाए जाने वाले पंडालों के संबंध में भी आवश्यक नियमों और व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने दृष्टि सभा कक्ष में निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व वसूली, जनशिकायतों के निराकरण, न्यायालयीन प्रकरण, अतिक्रमण, भवन निर्माण अनुमति, अवैध प्लाटिंग, स्वच्छ पेयजल, निर्माण कार्य सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निगम कमिश्नर ने संपत्तिकर व जलकर की वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलकर को प्रॉपर्टी टैक्स से लिंक करने व ऑफलाइन उपलब्ध डेटा को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि प्रत्येक संपत्ति का रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन रहे। कर वसूली की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके। उन्होंने राजस्व से जुड़े अधिकारियों को लंबित डेटा एंट्री और रिकॉर्ड अपडेट का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बाजार शाखा व होर्डिंग शाखा की राजस्व वसूली की भी समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने व बकायादारों से प्राथमिकता के आधार पर राजस्व की वसूली करने कहा। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, टीएल, पीएमओ, पीजीएन व ऑनलाइन शिकायतों के साथ-साथ लोक सेवा गारंटी व निदान 1100 के प्रकरणों की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा गया। बैठक में शहर में शुद्ध पेयजल प्रदाय की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने व कहीं भी पेयजल संबंधी समस्या होने पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने कहा। इसके साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में ओबीसी सर्वे की ऑनलाइन एंट्री, प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना, गौधाम योजना, कांजी हाउस संचालन तथा पीएम स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में समस्त विभाग प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, राजस्व अधिकारी, समस्त एआरओ व पीआईयू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम कमिश्नर की सख्ती, अवैध प्लाटिंग पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
Read Time:4 Minute, 27 Second