बिलासपुर। सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के साथ स्काउट-गाइड में लंबे समय तक सक्रिय रहने वाली निधि कश्यप ने अपनी उपलब्धि से बिलासपुर का मान बढ़ाया है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ बिलासपुर की रेंजर लीडर निधि का स्काउट-गाइड कोटा से दक्षिण पूर्व रेलवे में चयन हुआ है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित निधि ने बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने रेलवे में चयन पर निधि को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां युवाओं में जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित करती हैं। निधि ने बचपन से ही स्काउट-गाइड गतिविधियों में भाग लिया और रेंजर लीडर के रूप में सामाजिक सेवा व जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। निधि ने बताया कि स्काउट-गाइड से मिले प्रशिक्षण और अनुभव ने उन्हें विभिन्न परिस्थितियों में जिम्मेदारी के साथ काम करना सिखाया। इसी दौरान प्राप्त राष्ट्रपति पुरस्कार उनकी उपलब्धियों में महत्वपूर्ण रहा। रेलवे में चयन के बाद उन्होंने कलेक्टर के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर स्काउट-गाइड जिला संघ के पदाधिकारियों ने भी निधि को शुभकामनाएं दीं।
स्काउट-गाइड की सीख से रेलवे तक पहुंचीं निधि
Read Time:1 Minute, 56 Second