बिलासपुर। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, बिलासपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। 21 से 23 सितंबर तक चले इस आयोजन में विद्यार्थियों ने रंगोली, नुक्कड़ नाटक और नवाचार आधारित प्रतियोगिताओं में अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक सरोकार और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. राजकुमार सचदेव के मार्गदर्शन तथा प्रभारी अधिकारी प्रो. एलके गबेल के संयोजन में किया गया। तीनों दिन महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। अभियान के पहले दिन 21 सितंबर को ‘राष्ट्र’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पांच विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विषयों को आकर्षक ढंग से उकेरा। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति और अखंडता का संदेश दिया। दूसरे दिन 22 सितंबर को ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता हुई। ‘सेवा’ विषय पर केंद्रित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अभिनय और संवाद के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को सामने रखा। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में एसके घृतलहरे उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में संज्ञा टंडन और नवीन सोनी शामिल रहे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अभियान के अंतिम दिन 23 सितंबर को ‘नये विचार’ थीम पर इनोवेशन चैलेंज आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के आठ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण, डिजिटल तकनीक, अपशिष्ट प्रबंधन और सामाजिक समस्याओं से जुड़े समाधानपरक मॉडल व योजनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रो. एमके वर्मा ने विद्यार्थियों के नवाचारी प्रयासों को सराहा। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजकुमार सचदेव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और सहभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, रंगोली से इनोवेशन तक हुए विविध आयोजन
Read Time:4 Minute, 1 Second