बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रौद्योगिकी संस्थान (सीजीआईटी) बिलासपुर के सूचना प्रौद्योगिकी संकाय के छात्र आकाश बैद्य का चयन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राज्य स्तरीय पुरस्कार 2025-26 के लिए हुआ है। 24 सितंबर को रायपुर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान संस्था के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मनेश मंडावी भी मौजूद रहे। आकाश पिछले चार वर्षों से एनएसएस स्वयंसेवक के रूप में सामाजिक सेवा, जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2026 और युवा संगम चरण-6 सहित दो राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में सहभागिता की। इसके अलावा राज्य स्तरीय शिविर-2025 और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम में भी भाग लिया। महाविद्यालय में उन्होंने तीन सात दिवसीय विशेष शिविर और चार एक दिवसीय शिविरों में सेवा दी। चार वर्षों के दौरान आठ बार रक्तदान करने के साथ 335 से अधिक पौधे लगाए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मनेश मंडावी और प्रो. इन्द्राणी बोरकर के मार्गदर्शन में उन्होंने ये गतिविधियां पूरी कीं। संस्था के प्राचार्य डॉ. एसके सिंघई ने आकाश को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना और सामाजिक दायित्वों के प्रति सक्रियता संस्थान के लिए गौरव की बात है।