बिलासपुर। धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। 15 नवंबर से शुरू होने वाली खरीदी के दौरान किसानों को छाया, पानी और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ खरीदी के मापदंडों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। बुधवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के प्रभारी सचिव एवं अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ ने अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि उनके परिणामों में दिखाई देनी चाहिए। आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही सुशासन का वास्तविक उद्देश्य है। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। धान खरीदी की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में 14 नई समितियों का गठन किया गया है। प्रभारी सचिव ने किसान पंजीयन, खरीदी केंद्रों की तैयारी और समितियों की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने पिछले दिनों आए तूफान से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे जल्द पूरा कर प्रभावित किसानों को पात्रता के अनुसार राहत देने के निर्देश भी दिए। ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2024-26 में जिले के 56,284 प्रधानमंत्री आवास पूरे हुए हैं। आवास पूर्णता में बिलासपुर राज्य में दूसरे स्थान पर है। वहीं आवास प्लस 2.0 के सर्वे में जिला पहले स्थान पर है। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 959 आवासों में से 803 पूरे हो चुके हैं।
योजनाओं का लाभ जमीन पर दिखे : पिंगुआ
Read Time:2 Minute, 24 Second