बिलासपुर. श्री शिशु भवन हॉस्पिटल,बिलासपुर में 14 नवंबर 2026 को 16वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2010 को पद्मश्री डॉ.ए.टी.डाबके एवं डॉ.एस.के.त्रिवेदी द्वारा स्थापित यह अस्पताल चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में 16 वर्षों का सफल सफर पूरा कर चुका है। इस दौरान संस्थान ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा जगत में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.रवि द्विवेदी एवं डॉ.प्रणव अंधारे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं डॉ.रोशन शुक्ला विशिष्ट अतिथि तथा डॉ.मोनिका जायसवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आयोजन की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ और कनिष्ठ चिकित्सकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्थान की अब तक की उपलब्धियों,सेवा कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए अस्पताल में उपचाररत मरीजों को उपहार पैकेट भेंट किए गए।

इसके बाद केक काटकर संस्थान की वर्षगांठ की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम में अस्पताल के विभिन्न विभागों में समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें ओपीडी,फार्मेसी,कैजुअल्टी,मिल्क बैंक,आयुष्मान एवं नर्सिंग विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।इस अवसर पर अस्पताल के संचालक डॉ.श्रीकांत गिरी एवं डॉ.पल्लवी गिरी के कुशल मार्गदर्शन,दूरदर्शी सोच और चिकित्सा सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी चिकित्सा संस्थान की सफलता केवल आधुनिक सुविधाओं से नहीं,बल्कि चिकित्सकों और कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत,कर्तव्यनिष्ठा तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार से सुनिश्चित होती है। अस्पताल की 16 वर्षों की उपलब्धि पूरी टीम के समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक नवल वर्मा ने उपस्थित अतिथियों,चिकित्सकों और समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री शिशु भवन हॉस्पिटल ने बीते 16 वर्षों में मरीजों का विश्वास अर्जित किया है। यह उपलब्धि अस्पताल से जुड़े प्रत्येक सदस्य के सहयोग और मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने आगे भी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संस्थान को सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की विश्वास,समर्पण और सेवा के 16 वर्ष पूरे कर श्री शिशु भवन हॉस्पिटल ने अपनी गौरवशाली यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।