बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा वैध टिकट लेकर यात्रा करने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 21 मई से 14 जून 2026 तक विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया जा रहा है। यह अभियान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ रेलवे राजस्व में वृद्धि एवं अधिकृत टिकटधारी यात्रियों को बेहतर यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अभियान के तहत दिनांक 07 जून 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री एस. भारतीयन के नेतृत्व में बिलासपुर स्टेशन में नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई एवं आरपीएफ स्टाफ भी शामिल थे।
इस विशेष जांच अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन एवं यहाँ से गुजरने वाली 20 ट्रेनों की सघन जांच कर कुल 617 मामलों से कुल 4,13,475 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिसमें बिना टिकट यात्रा के 309 मामलों से 03 लाख 975 रुपये, अनियमित टिकट के 210 मामलों से 01 लाख 10 हजार 800 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 17 मामलों से 01 हजार 700 रुपये जुर्माना शामिल है |
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित यात्रा टिकट अवश्य लें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश हेतु प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही रेलगाड़ी एवं रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचें।