बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन कॉलोनी में जेसीबी का टायर फटने से 18 साल के एक हेल्पर की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह हादसा बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट की निर्माणाधीन कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर को हुआ। वहां जेसीबी मशीन के पंचर टायर को ठीक करने का काम चल रहा था। पंचर बनाने के बाद जब टायर में हवा भरी जा रही थी।तभी अचानक वह तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि वहां काम कर रहा हेल्पर उमाकांत कौशिक करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछल गया और गंभीर चोटें आने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का शिकार हुआ 18 वर्षीय उमाकांत कौशिक सीपत इलाके का रहने वाला था और वहां हेल्पर के तौर पर काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। इस ब्लास्ट की चपेट में आने से जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनस्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह दर्दनाक हादसा रिकॉर्ड हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि टायर में हवा भरते समय अचानक बड़ा ब्लास्ट होता है हेल्पर और एक व्यक्ति टायर पर ही बैठा होता है, दोनों ही हवा में काफी ऊपर तक उछलकर नीचे गिरते हैं। धमाका इतना भयानक था कि मृतक का जबड़ा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.