बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मचखंडा स्थित मोबाइल एवं किराना दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक 18 वर्षीय युवक सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम मचखंडा निवासी प्रहलाद कुमार साहू (33) की मोबाइल एवं किराना दुकान में 26 जून की दरमियानी रात अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते दुकान में घुस गए थे। चोर दुकान से पांच नए कीपैड मोबाइल, एक रियलमी 5आई एंड्रॉयड मोबाइल, दो ब्लूटूथ स्पीकर, तीन ईयरबड्स, एक फ्लिप कवर, परफ्यूम, सिगरेट सहित करीब 25 हजार रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए थे। घटना की रिपोर्ट पर सीपत थाने में अपराध दर्ज कर थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी (18), निवासी बजौर बिटूपारा, थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया। बरामद सामग्री में पांच कीपैड मोबाइल, एक रियलमी 5आई मोबाइल, दो ब्लूटूथ स्पीकर, तीन ईयरबड्स, फ्लिप कवर, परफ्यूम और सिगरेट शामिल हैं। मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मोबाइल में दुकान चोरी के तीन आरोपी पकड़ाए
Read Time:2 Minute, 25 Second