बिलासपुर। कोनी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक एवं सहायक कुलसचिव एफ. कुरैशी पर अभद्र व्यवहार करने, छात्रों के वैध कार्यों में अनावश्यक बाधा डालने और असहयोगात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। छात्र नेता अवनीश पांडे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वे छात्रों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे थे। इनमें एक छात्र के दस्तावेजों में माता-पिता के नाम में सुधार कराने तथा दूसरे छात्र की उत्तरपुस्तिका के अंकों के पुनर्मूल्यांकन से संबंधित आवेदन प्रमुख थे। छात्रों का कहना है कि ये पूरी तरह वैधानिक और नियमानुसार किए जाने वाले कार्य थे। आरोप है कि परीक्षा नियंत्रक एफ. कुरैशी ने उनकी बात सुनने के बजाय अभद्र भाषा का प्रयोग किया और छात्रों के प्रति असहयोगपूर्ण रवैया अपनाया। छात्र नेता अवनीश पांडे का आरोप है कि अधिकारियों ने पहले छात्रों को बाहर भेजने की बात कही और यह भी कहा कि उनके कहने पर कोई काम नहीं किया जाएगा। इस व्यवहार से नाराज छात्र सीधे कुलपति कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। छात्रों का कहना है कि कुलपति ने उनका आवेदन स्वीकार कर लिया है, लेकिन अब तक परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के साथ इस प्रकार का व्यवहार न हो।
विश्वविद्यालय के छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ कुलपति से की शिकायत
Read Time:2 Minute, 46 Second