बिलासपुर। बकाया किराया वसूलने के लिए नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने नया बस स्टैंड स्थित निगम की 20 से अधिक दुकानों को सील कर दिया। लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के दौरान कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल भी रहा। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम के उपायुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि लंबे समय से कई दुकानदार निगम की दुकानों का किराया जमा नहीं कर रहे थे, जिससे निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा था। कार्रवाई से पहले सभी बकायेदारों को नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। बावजूद इसके अधिकांश दुकानदारों ने न तो किराया जमा किया और न ही नोटिस का संतोषजनक जवाब दिया। इसके बाद निगम प्रशासन ने नियमानुसार दुकानों को सील करने का फैसला लिया। शुक्रवार को अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के नेतृत्व में निगम की टीम नया बस स्टैंड पहुंची और एक-एक कर 20 से अधिक दुकानों को सील कर दिया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अतिरिक्त समय देने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व में कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं और पर्याप्त समय बीतने के बाद भी बकाया जमा नहीं किया गया। ऐसे में नियमानुसार कार्रवाई करना आवश्यक हो गया। नगर निगम द्वारा वर्षों पहले आवंटित इन दुकानों का मासिक किराया निर्धारित है, लेकिन कई दुकानदार लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहे थे। इसी कारण निगम ने बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों को अंतिम राहत देते हुए एक सप्ताह का समय दिया है। यदि इस अवधि में बकाया किराया जमा कर दिया जाता है तो नियमानुसार दुकानों की सील खोल दी जाएगी। अन्यथा सीलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में निगम की अन्य संपत्तियों का भी सर्वे कराया जा रहा है और बकाया किराया नहीं चुकाने वाले सभी दुकानदारों की सूची तैयार की जा रही है। आने वाले दिनों में ऐसे सभी बकायेदारों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि निगम का बकाया राजस्व वसूला जा सके और आय में बढ़ोतरी हो।
किराया नहीं चुकाया तो निगम ने नए बस स्टैंड की 20 दुकानें कीं सील
Read Time:3 Minute, 34 Second