बिलासपुर । नगर पालिक निगम बिलासपुर के कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शहर में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर सोमवार को जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील एवं संभावित क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चौबे कॉलोनी, जोरापारा, बंधवापारा, सिम्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के बाजू स्थित क्षेत्र, मंगला, अभिषेक विहार, गंगानगर, हंसा विहार, श्रीकांत वर्मा मार्ग, तालापारा एवं भारती नगर सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था, नालों-नालियों की स्थिति एवं सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि शहर में अब तक कहीं भी बड़े स्तर पर जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। अधिकांश नालों एवं नालियों में वर्षा जल का प्रवाह सुचारु रूप से हो रहा है, जिससे नागरिकों को राहत मिली है।
विदित है कि मानसून पूर्व नगर निगम द्वारा दो चरणों में व्यापक स्तर पर नाला-नालियों की सफाई अभियान चलाया गया था। इसी का सकारात्मक परिणाम है कि लगातार बारिश के बावजूद शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावी बनी हुई है और वर्षा का पानी बिना किसी बाधा के तेजी से निकल रहा है।
निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। नालों एवं नालियों की नियमित सफाई, सतत निगरानी तथा जलभराव की संभावित स्थिति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन स्थानों पर जलभराव की आशंका रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यक संसाधन एवं अमला हर समय उपलब्ध रहे, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।नगर निगम द्वारा मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को अलर्ट मोड पर रखा गया है
नगर निगम द्वारा बाढ़ नियंत्रण कक्ष विकास भवन में स्थापित किया गया है। बरसात में शहर में जल निकासी की समस्या तथा अरपा नदी में संभावित जल स्तर के बढ़ने से उत्पन्न होने वाली समस्या से निपटने के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।
जिसमें 24 घंटे सेवा देने तीन पालियों में अधिकारी,इंजीनियर एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आपात स्थिति के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर 07752 471224 जारी किया गया है,इसके अलावा इसके नोडल अधिकारी
अपर आयुक्त खजांची कुम्हार मो.9753437043 ,मुख्य अभियंता राजकुमार मिश्रा मो.9993596510 तथा सहायक नोडल अधिकारी अधीक्षण अभियंता एसपी साहू मो.9424202260 बनाए गए है। इसके अलावा आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से रखने के लिए सामुदायिक,शासकीय तथा निजी भवनों को चिन्हित किया गया है,जिसके अलग से नोडल आफिसर भी बनाएं गए है। इसके अलावा सभी जोन कमिश्नरों को अपने जोन क्षेत्र में गड्ढा होने पर तत्काल मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए गए है। जर्जर भवनों को चिन्हांकित कर कार्यवाही के लिए भी इंजीनियरों को दायित्व सौंपे गए है।