बिलासपुर। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने रायपुर जिले के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के निर्माण को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए 85 गरीब परिवारों के आशियाने बारिश के मौसम में बलपूर्वक उजाड़ दिए गए, जो पूरी तरह अमानवीय और अन्यायपूर्ण है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि गरीबों के खून-पसीने की कमाई से बने घरों को तोडक़र जनप्रतिनिधियों के लिए आलीशान आवास बनाना न तो नैतिक है और न ही न्यायोचित। उन्होंने कहा कि यदि विधायकों के लिए आवास कॉलोनी बनाना आवश्यक है तो इसके लिए किसी अन्य उपलब्ध शासकीय भूमि का चयन किया जाना चाहिए, न कि गरीबों को बेघर करके। उन्होंने कहा कि भीषण बारिश के बीच परिवारों को बेघर कर देना अत्यंत हृदयविदारक और संवेदनहीन कदम है। सरकार को पहले प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास, आवास और उनके अधिकार सुनिश्चित करने चाहिए, उसके बाद ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य किया जाना चाहिए। कोटा विधायक ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक विस्थापित परिवारों को उचित पुनर्वास और न्याय नहीं मिल जाता, तब तक नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण और उसमें निवास करने का वे विरोध करते रहेंगे।
गरीबों का आशियाना उजाडक़र नहीं बने विधायक आवास: श्रीवास्तव
Read Time:2 Minute, 14 Second