बिलासपुर। बिलासपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जैतपुर (चिल्हाटी) में नदी किनारे आम के पेड़ के पास अवैध रूप से डंप किए गए सागौन के 16 लकड़ी बरामद होने से वन विभाग में हडक़ंप मच गया। लकड़ी काफी पुरानी और सूखी मिली हैं, जिससे माना जा रहा है कि इन्हें काफी समय पहले यहां छिपाकर रखा गया था। वन विभाग ने लकड़ी जब्त कर भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जैतपुर में नदी किनारे भागीरथी घृतलहरे के घर के पीछे बड़ी मात्रा में कटे हुए सागौन के लकड़ी रखे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडेय, वन मंडलाधिकारी नीरज तथा उपवनमंडलाधिकारी टी.आर. मरई के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वर्मा के नेतृत्व में उपवन परिक्षेत्र अधिकारी दशरथ बघेल, वन रक्षक मोहन रात्रे, गोपाल की टीम ने मौके पर तलाशी ली। जांच के दौरान नदी किनारे आम के पेड़ के पास सागौन के 16 लकड़ी बरामद हुए, जिनकी अनुमानित मात्रा करीब एक घन मीटर आंकी गई है। वन विभाग ने सभी लकड़ी को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच एसडीओ स्तर पर की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति अवैध कटाई, परिवहन या लकड़ी डंप करने में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नदी किनारे मिला सागौन का अवैध जखीरा
Read Time:2 Minute, 27 Second