बिलासपुर। क्षेत्र में हुई अचानक मूसलाधार बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आई। तेज बारिश के चलते मोपका के चिल्हाटी मोड़ स्थित नाले में उफान आ गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। नाले के किनारे बने मकान, होटल और दुकान पानी की तेज धारा में बह गए, वहीं कई वाहन भी नाले में बहने की सूचना है। मोपका के चिल्हाटी मोड़ पर नाले में आई बाढ़ से वेदराम सूर्यवंशी का मकान और उसमें रखा घरेलू सामान बह गया। इस हादसे में उन्हें लगभग 40 से 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। इसी तरह नईम खान की वल्कनाइजिंग दुकान भी तेज बहाव की चपेट में आ गई। दुकान में रखा कंप्रेसर, हवा जांचने की मशीन, इंजन, टायर-ट्यूब सहित अन्य सामान बह जाने से करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ। वहीं दिलीप सूर्यवंशी के मकान और होटल में रखा खाद्य सामग्री सहित घरेलू सामान भी नाले की तेज धारा में बह गया, जिससे उन्हें भी भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद मोहन श्रीवास मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल पटवारी को सूचना देकर प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। बारिश के कारण मोपका चिल्हाटी मोड़ के पास नाले में करीब चार फीट पानी बहने लगा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। नाले के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग जोखिम उठाकर नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को नाला पार नहीं करने की समझाइश दी। सुरक्षा के मद्देनजर रस्सी भी बंधवाई गई, ताकि कोई हादसा न हो। सूचना मिलते ही यातायात सीएसपी रामगोपाल करियारे भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
मूसलाधार बारिश से मकान, होटल और वल्कनाइजिंग दुकान बही
Read Time:2 Minute, 43 Second