बिलासपुर। बहुप्रतीक्षित कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को केन्द्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद बिलासपुर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार को दिल्ली से बिलासपुर पहुंचे भारत सरकार के केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू का भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक पर भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन करते हुए रेल परियोजना की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। स्वागत समारोह के दौरान केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक, व्यापारिक और सामाजिक विकास की नई आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इस रेल संपर्क से अनेक जिलों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे उद्योगों को बढ़ावा, व्यापार का विस्तार, पर्यटन को प्रोत्साहन और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार देश के अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उनका कहना था कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ऐसी परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, चंदना गोस्वामी, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, शैलेन्द्र यादव, लक्ष्मीनारायण कश्यप सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है। इसके स्वीकृत होने से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और प्रदेश के कई हिस्सों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। राजीव गांधी चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने परियोजना की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन को मिली स्वीकृति, कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री का किया भव्य स्वागत
Read Time:3 Minute, 39 Second