बिलासपुर। जिला कलेक्टोरेट में मंगलवार को हुई साप्ताहिक टीएल बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। निजी स्कूलों द्वारा शासन से उपलब्ध कराई गई पाठ्यपुस्तकों का उठाव नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित स्कूल प्रबंधनों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्कूल प्रबंधन को नोटिस का जवाब लेकर विशेष बैठक में उपस्थित होना होगा।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। शासकीय स्कूलों में किताब और गणवेश वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे में निजी स्कूलों द्वारा पुस्तकों का उठाव नहीं करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने अधिकारियों को वितरण व्यवस्था की निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। बिलासपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को देखते हुए कलेक्टर ने जिला मुख्यालय के सभी कोचिंग संस्थानों की लिस्टिंग और पंजीयन कराने के निर्देश दिए। संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था, जरूरी सुविधाओं और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी संधारित करने के साथ कार्यप्रणाली के लिए एसओपी सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को 13 अगस्त तक तैयारियां पूरी कर प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए। मुख्य समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ध्वजारोहण करेंगे। ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की गतिविधियों को भी जनभागीदारी के साथ संचालित करने कहा गया। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप कार्रवाई हो।
निजी स्कूलों ने नहीं उठाई सरकारी किताबें, कलेक्टर नाराज
Read Time:2 Minute, 59 Second