बिलासपुर। चलती कार में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत कार रोक दी। इसके बाद कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में कार धू-धूकर जलने लगी। घटना के बाद सडक़ पर अफरातफरी मच गई। राहत की बात है कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड पर टाटा सफारी क्रमांक सीजी 10 एनसी 4599 में युवक और अन्य लोग किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। खतरा भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सडक़ किनारे रोक दिया। इसके बाद कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। समय रहते वाहन खाली कराए जाने से बड़ा हादसा टल गया। कार में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ युवकों ने पास से रेत लाकर जलते वाहन पर डालना शुरू किया। इस दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। दमकल और पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रेत डालकर आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद गाड़ी को सडक़ से हटाया गया, जिसके बाद रिंग रोड पर यातायात सामान्य हो सका।
चलती कार में लगी आग, दमकल टीम ने किया काबू
Read Time:1 Minute, 52 Second