Read Time:1 Minute, 42 Second
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रौद्योगिकी संस्थान (सीजीआईटी) बिलासपुर में एनएसएस इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, बिलासपुर (सिम्स) के सहयोग से हुए शिविर में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सहभागिता की। इस दौरान रक्तदान के साथ स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। सिम्स के रक्तकोष एवं पैथोलॉजी विभाग से डॉ. ईशान साहू, डॉ. प्रियंका चंद्राकर और डॉ. अनिल कुमार सक्सेना के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने रक्तदाताओं की जांच कर रक्तदान प्रक्रिया पूरी कराई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान का संदेश दिया। एनएसएस प्रभारी प्रो. मनेश कुमार मंडावी और रेड रिबन क्लब प्रभारी प्रो. इन्द्राणी बोरकर के समन्वय से आयोजित शिविर में प्राचार्य डॉ. एसके सिंघई के मार्गदर्शन में संस्थान के प्राध्यापकों ने सहयोग किया। कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।