बिलासपुर। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आवेदकों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एडीएम शिवकुमार बनर्जी और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। मस्तूरी तहसील के गतौरा निवासी गनेश राम कोसले ने किसान सम्मान निधि की बंद राशि दोबारा शुरू कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन वर्तमान में राशि मिलना बंद हो गई है। वहीं सरकंडा निवासी नत्थूलाल ने चार महीने से बंद वृद्धावस्था पेंशन शुरू कराने के लिए आवेदन दिया। ग्राम लिमतरा की पार्वती पटेल ने सडक़ निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन का लंबित मुआवजा दिलाने की मांग रखी। बेलतरा तहसील के परसदा निवासी कमलजीत सिंह ने वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे और पेड़ों की कटाई की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा करीब 20 फीट गहराई तक मिट्टी का अवैध खनन कर उसे बेचा जा रहा है। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तखतपुर के गिरधौना निवासी मनहरण कौशिक ने राजस्व रिकॉर्ड में अपनी माता के गलत नाम दर्ज होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के निर्देश के बावजूद ऑनलाइन रिकॉर्ड में सुधार नहीं किया जा रहा है। इसी तरह बेलगहना के केकराडीह निवासी तिहारी राम जगत ने अपनी पट्टा भूमि को रिकॉर्ड में गलती से शासकीय दर्ज किए जाने की शिकायत की।
पेंशन, मुआवजा अटका के लिए जनदर्शन में ग्रामीणों ने लगाई फरियाद
Read Time:2 Minute, 35 Second