बिलासपुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा बिलासपुर की समीक्षा बैठक में सेवा गतिविधियों के विस्तार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में राज्य चेयरमेन तोमन साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में रक्तदान, अंगदान, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े अभियानों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर चर्चा हुई। राज्य चेयरमेन तोमन साहू ने जनभागीदारी से सेवा कार्यों का विस्तार करने और युवाओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में जूनियर रेडक्रॉस और यूथ रेडक्रॉस की गतिविधियों को मजबूत करने तथा सदस्यता अभियान को गति देने का निर्णय लिया गया। रक्तदान और अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ सिकल सेल, टीबी और मलेरिया नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करने पर भी जोर दिया गया। नशामुक्ति अभियान के लिए सामाजिक संस्थाओं और युवाओं की सहभागिता से नुक्कड़ नाटक, लघु चलचित्र और अन्य जागरूकता माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविरों में रक्तदान के साथ रक्त शर्करा, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और सिकल सेल की नि:शुल्क जांच की जा रही है। इसके अलावा भविष्य में रक्त भंडारण केंद्र की स्थापना, अंगदान के लिए जिला स्तरीय समिति के गठन और युवाओं को ‘युवोदय रेडक्रॉस मितान योजना’ से जोडऩे पर भी चर्चा हुई। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक और रेडक्रॉस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बिल्हा विकासखंड के स्कूलों में मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाने की जानकारी भी दी गई। बस्ता एजुकेशन एंड हेल्थ फाउंडेशन की ओर से प्रस्तावित ‘प्रोजेक्ट आरुग’ के तहत एसईसीएल से सीएसआर मद में मिली 48.96 लाख रुपए की राशि से बिल्हा के 114 हाई स्कूलों और कुछ माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
जनभागीदारी से रेडक्रॉस की सेवाओं को दें विस्तार: साहू
Read Time:3 Minute, 11 Second