बिलासपुर। रेल से पार्सल भेजने के लिए अब रेलवे स्टेशन के चक्कर लगाने और लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय रेलवे ‘रेल पार्सल ऐप-घर से घर तक’ सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके जरिए ग्राहक घर बैठे पार्सल की बुकिंग कर सकेंगे। लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता घर से पार्सल लेकर स्टेशन पहुंचाएंगे। ट्रेन से गंतव्य तक पहुंचने के बाद पार्सल सीधे प्राप्तकर्ता के घर तक पहुंचाया जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य रेल पार्सल सेवा को आसान, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। यह ऐप एंड्रॉइड, आईओएस और वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। शुरुआती चरण में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में इसे लागू करने की योजना है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से देश के अन्य शहरों में भी इसका विस्तार किया जाएगा। ऐप पर मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर पार्सल का विवरण, प्रस्थान और गंतव्य स्टेशन दर्ज करके बुकिंग की जा सकेगी। ग्राहक अपनी पसंद का डिलीवरी पार्टनर भी चुन सकेंगे। रेल भाड़े के साथ पिकअप, डिलीवरी और अन्य सेवाओं का भुगतान यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से एक ही लेन-देन में किया जा सकेगा। पार्सल को 10 अंकों का विशिष्ट ट्रैकिंग नंबर मिलेगा। इसके माध्यम से पार्सल की स्थिति की जानकारी मिलेगी। लोडिंग, गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने और डिलीवरी के लिए तैयार होने पर मोबाइल पर सूचना भेजी जाएगी। प्राप्तकर्ता को ओटीपी सत्यापन के बाद पार्सल सौंपा जाएगा। बुकिंग ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से अधिकतम 15 दिन पहले और कम से कम एक दिन पहले तक उपलब्धता के आधार पर की जा सकेगी। इस सुविधा से छोटे व्यापारियों, किसानों और ई-कॉमर्स विक्रेताओं को अपने उत्पाद दूरस्थ बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे समय की बचत के साथ रेल पार्सल कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेल पार्सल से ऑनलाइन भुगतान की मिलेगी सुविधा
Read Time:2 Minute, 52 Second