बिलासपुर। पैसा लेते हुए पटवारी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम लोहर्सी सोन निवासी ओम प्रकाश साहू ने यह वीडियो बनाया है। उसने बताया कि पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी की पोस्टिंग साल भर पहले लोहर्सी सोन के हल्का नंबर में थी। इसी दौरान कपिल साहू की जमीन का बटांकन करने के लिए उसने 50 हजार रुपए की डिमांड की थी, जिसमें से 25 हजार रुपए देते हुए उसका वीडियो बनाया गया था। वायरल वीडियो में पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी जमीन बंटवारे के नाम पर ग्रामीण से लेनदेन की बात कर रहे हैं। वीडियो में वह पहले तो पैसे लेने से मना करता है और कहता है, ये पैसा मेरी जेब में जाता तो ठीक रहता। हालांकि, बाद में उसने पैसे रख लिए और कहा, मामला क्लियर ही रखना, कहीं बाद में झुकना न पड़ जाए। ओमप्रकाश साहू ने बताया कि इस बीच पटवारी का तबादला पचपेड़ी हल्का नंबर में कर दिया गया। अपने पदस्थापन के दौरान पटवारी ने कपिल साहू के राजस्व संबंधी एक केस को बिगाड़ दिया, जिसे सुधारने के लिए उस पर दबाव बनाया गया। साथ ही पटवारी के रिश्वत लेने वाला यह वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई। तब, पटवारी ने 1 हफ्ते पहले इस मामले में ब्लैंकमेलिंग की पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। वायरल वीडियो पर एक्शन लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शासकीय राजस्व कार्य के लिए रिश्वत लेने के मामले में पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पचपेड़ी तहसीलदार के जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। तहसीलदार ने प्रारंभिक जांच में पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी के रिश्वत लेने की पुष्टि की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने आदेश में पटवारी के कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए राजस्व विभाग की छवि धूमिल करने वाला बताया है। निलंबन अवधि में गोस्वामी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
पटवारी का पैसा लेते हुए पुराना वीडियो वायरल, निलंबित
Read Time:3 Minute, 20 Second