बिलासपुर। जिले में अवैध खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। तखतपुर के बिनौरी में सरकारी जमीन से मुरूम निकालने और कोटा क्षेत्र में अरपा नदी से रेत के अवैध उत्खनन का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद खनिज विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे अवैध उत्खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। बिनौरी गांव में ग्रामीणों ने सरपंच पति और सचिव पर मिलीभगत कर सरकारी जमीन से मुरूम का उत्खनन कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत की सहमति के बिना खुदाई कर मुरूम का निजी और व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उत्खनन में लगे चालक और मजदूर दो ट्रक और JCB मशीन छोड़कर भाग निकले। मौके पर CG 10 AU 5589 और CG 10 F 5289 नंबर के दो ट्रक मिले। ग्रामीणों ने खुदाई का वीडियो भी बनाया है। मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल, खनिज विभाग, तखतपुर SDM और सकरी थाना प्रभारी से की गई है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन किया जाएगा। इधर, कोटा क्षेत्र में भी अरपा नदी से बड़े पैमाने पर रेत निकालने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने कुछ राजनीतिक नेताओं के संरक्षण और खनिज अधिकारियों से मिलीभगत की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अरपा नदी में अवैध खनन का आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
Read Time:2 Minute, 10 Second