बिलासपुर। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। न्यू रिवर व्यू में पैर के पास पटाखा फटने का विरोध करने पर युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, दीपावली की रात अरपा नदी किनारे न्यू रिवर रोड पर कुछ युवक पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान राज बैरागी अपने दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि युवराज सोनकर और उसके साथियों की ओर से जलाया गया पटाखा राज के पैर के पास फट गया। इस पर उसने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे से भिड़ गए। उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने वायरल वीडियो और इस घटना के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के अनुसार, मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें जरहाभाठा मिनीबस्ती निवासी धन्नू डांडे (28), सिरगिट्टी निवासी सूरज कश्यप (19), सरकंडा निवासी साहिल यादव उर्फ मयंक (22) और बंगालीपारा निवासी अमित यादव (20) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पटाखे की चिंगारी से भड़का विवाद, सड़क पर भिड़े दो गुट
Read Time:2 Minute, 20 Second