बिलासपुर। त्योहारों के मौसम में बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में जिले के नौ संस्थानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन जैसे ब्रांड के घी के साथ पनीर, दही, अंडा करी, चना और पोहा भी शामिल हैं। रायपुर की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जांच में नेशनल डेयरी, अलीमेंटो कैफे, अलाकार्ट, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेस और सेलेस्टी रेस्टोरेंट से लिए गए पनीर के नमूने फेल पाए गए। प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद विभाग ने इन प्रतिष्ठानों से नमूने लिए थे। अलाकार्ट का दही भी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसी तरह गरिमा फैमिली ढाबा से लिया गया अंडा करी का नमूना, रिलायंस रिटेल भाटापारा से लिए गए चना और लाल किला पोहा के नमूने भी जांच में असफल रहे। शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन घी तथा अपना मार्ट देवरीखुर्द के वचन ब्रांड घी के नमूने भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले। दीपावली के दौरान खाद्य विभाग ने मिठाई दुकानों पर भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों से खोवा, कंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए गए। इनमें बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स, जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार, बजरंगबली स्वीट्स, श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन, विनायक मावा और मनोज गुप्ता की दुकान शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में भी खामियां मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की है। अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि पिछले एक महीने में नौ संस्थानों के खाद्य नमूने जांच में फेल मिले हैं। संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के दौरान लिए गए मिठाइयों के नमूनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
नौ खाद्य संस्थानों के उत्पाद गुणवत्ता जांच में फेल
Read Time:3 Minute, 25 Second