बिलासपुर, 11 अप्रैल 2025 // स्थानीय स्वर्गीय डी.पी. चोने स्मृति प्रेस क्लब ट्रस्ट भवन में छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की प्रदेश इकाई का विस्तार किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार श्री तिलक राज सलूजा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में शामिल किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित सभी प्रमुख पदाधिकारियों ने पूर्ण सहमति जताई और विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी।
बैठक में प्रदेश सचिव के पद से ध्रुव चंद्रा को स्थानांतरित कर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी गई, वहीं प्रतीक मिश्रा को प्रदेश कार्यकारिणी से पदोन्नत कर प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया। महिला नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए सृष्टि सिंह एवं आरती यादव को प्रदेश संगठन सचिव नियुक्त किया गया। वरिष्ठता के आधार पर अशोक राय (मेट्रो स्टूडियो) को प्रदेश सचिव बनाया गया। इसके साथ ही मनोज मिश्रा (कोरबा), आफताब आलम (बलरामपुर), अनिल श्रीवास (बिलासपुर), सुमित केडिया (बिल्हा), छोटा भाई (जैजैपुर) और फिरत दास महंत (कटघोरा) को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्री तिलक राज सलूजा ने अपने उद्बोधन में कहा, “मैं संगठन को नई दिशा और मजबूती देने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। शीघ्र ही प्रदेश के सभी जिलों में दौरा कर इकाइयों का गठन किया जाएगा जिससे पत्रकारों की आवाज और मजबूत हो।”
प्रदेश सचिव ध्रुव चंद्रा ने कहा, “संघ का उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा करना है। हम सभी सदस्य मिलकर एक सशक्त मंच तैयार करेंगे जो पत्रकारों की समस्याओं को न केवल उठाएगा बल्कि समाधान भी प्रस्तुत करेगा।”
प्रदेश महासचिव प्रकाश चन्द्र अग्रवाल ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “संगठन में हो रहे सकारात्मक बदलाव आने वाले समय में पत्रकारिता को एक नई दिशा देंगे। नई टीम के साथ संगठन की भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ेगा।”
प्रदेश उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह चावला अस्वस्थ होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके लेकिन फोन पर उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया।
प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त तिवारी ने प्रदेश कार्यसमिति के कुल 26 सदस्यों के गठन की घोषणा करते हुए नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी और संगठन की भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर-दिसंबर माह में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त तिवारी, प्रदेश महासचिव प्रकाश चन्द्र अग्रवाल, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज सलुजा, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रतिक मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव चंद्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव भूपेन्द्र पांडेय, प्रदेश मिडिया प्रभारी संतोष मिश्रा, प्रदेश सचिव राजेंद्र यादव, आदि पत्रकार साथी उपस्थित थे।