बिलासपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढऩे वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चर्लपल्ली और बरौनी के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाए जाएंगे। इस ट्रेन के चलने से छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बिहार और तेलंगाना की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 07588 चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल 8 और 15 नवंबर को प्रत्येक रविवार को चर्लपल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन गोंदिया, दुर्ग, रायपुर होते हुए सुबह 5 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर तीसरे दिन रात 2.15 बजे बरौनी पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 07589 बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल 10 और 17 नवंबर को प्रत्येक मंगलवार को बरौनी से सुबह 3 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 1.30 बजे बिलासपुर, सुबह 3.15 बजे रायपुर, 4 बजे दुर्ग और 6.28 बजे गोंदिया पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7.02 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 23 कोच रहेंगे। इनमें एक एसी प्रथम श्रेणी, 17 एसी तृतीय श्रेणी, तीन एसी द्वितीय सह तृतीय श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर सहित काजीपेट, रामागुंडम, बल्लारशाह, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, बोकारो स्टील सिटी, जसीडीह और किउल समेत कई स्टेशनों पर रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले एनटीईएस और रेलवन ऐप पर समय-सारिणी एवं ठहराव की जानकारी जांचने की सलाह दी है। रेलवे प्रशासन ने लखनऊ और रायपुर के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के नंबर में बदलाव करने का निर्णय लिया है। यह बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होगा। हालांकि यात्रियों को ट्रेन की समय-सारिणी, ठहराव और परिचालन व्यवस्था में कोई परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में गाड़ी संख्या 12535 लखनऊ-रायपुर गरीब रथ एक्सप्रेस नए साल से 15319 नंबर के साथ संचालित होगी। इसी तरह वापसी में चलने वाली गाड़ी संख्या 12536 रायपुर-लखनऊ गरीब रथ एक्सप्रेस का नया नंबर 15320 होगा।
दीपावली-छठ पर चर्लपल्ली और बरौनी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
Read Time:3 Minute, 9 Second