कोरबा/दीपका। दीपका पुलिस ने एसईसीएल की गेवरा खदान से 6000 लीटर डीजल चोरी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नवीन कश्यप गैंग के तीन सदस्यों को जांजगीर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे दीपका पुलिस टीम ने जांजगीर में छिपे तीनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नवीन कश्यप (34) निवासी शांति नगर बलगी, शब्बीर मेमन (35) निवासी गांधी चौक गेवरा बस्ती कुसमुंडा और परमेश्वर सारथी (28) निवासी शांति नगर बलगी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से डीजल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इस गिरोह के सदस्य लंबे समय से एसईसीएल की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका खदानों से डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी कई चोरी की घटनाएं की हैं, जिनकी जांच जारी है। में प्रयुक्त दो काली स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस ने जब्त कर ली हैं। वाहन क्रमांक CG 12 BU 6064 एवं CG 28 P 6555 शामिल हैं।
इस मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि तीनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। पूछताछ के बाद उनकी संलिप्तता की अन्य घटनाओं में भी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 111, 303, 329(2), 338, 336(3), 340 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।