रायपुर में सराफा कारोबारी और जेवर महल के संचालक कार्तिक गिरि के लग्जरी कारों के काफिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में काफिले के आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चलती दिखाई दे रही है, जबकि पीछे चल रही लग्जरी कारों में सवार कुछ लोग खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि निजी कारोबारी के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट किस आधार पर उपलब्ध कराया गया था। पुलिस वाहन की तैनाती किस अधिकारी के निर्देश पर हुई और इसके लिए क्या अनुमति ली गई थी, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करना सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी खतरनाक हो सकता है। आमतौर पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करती है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और उन पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से न तो एस्कॉर्ट दिए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण आया है और न ही स्टंटबाजी करने वालों पर कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
पुलिस की गाड़ी आगे, पीछे लग्जरी कारों में स्टंटबाजी, वीडियो वायरल
Read Time:1 Minute, 57 Second