बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका और आधारभूत विकास को नई गति देने के उद्देश्य से विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) ‘वीबी-जी राम जी’ योजना का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। योजना का राष्ट्रीय शुभारंभ आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया, जबकि बिलासपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय प्रार्थना सभा भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। निर्धारित समय में रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर बेरोजगारी भत्ता मिलेगा, जबकि मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा। योजना में महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मनरेगा के उत्कृष्ट हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा गांवों के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और आधारभूत अधोसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल: धर्मजीत सिंह
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और आधारभूत अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना से गांवों में ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों को अपनी संपत्ति मानकर उनकी गुणवत्ता बनाए रखने और संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती: सुशांत शुक्ला
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि योजना वर्तमान समय की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि 125 दिनों के रोजगार, समयबद्ध भुगतान और महिलाओं के लिए विशेष प्रावधानों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की भी अपील की।