बिलासपुर| न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मार्निंग वॉक पर निकले कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने डंडे और नुकीली वस्तु से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल नेता को पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराने रायपुर ले जाया गया। घटना थाना तारबाहर क्षेत्र के रेलवे अस्पताल के सामने शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे की है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, प्रार्थी शिशिर कश्यप ने बताया कि वह सुबह अपनी चार वर्षीय बेटी को डीएवी स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान उनके पिता श्याम कश्यप का फोन आया और बाद में घटना की जानकारी मिली। बताया गया कि श्याम कश्यप रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचते ही मुंह पर कपड़ा बांधे तीन अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने डंडे और नुकीले हथियार से श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया। बाद में उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना पर थाना तारबाहर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेसी नेता पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला
Read Time:2 Minute, 44 Second