बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा में तलवार लेकर उत्पात मचाने और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर हमला करने वाले आरोपी को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार भी जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पंजाब के बटाला निवासी मख्खन सिंह ट्रेलर में रायगढ़ से लोहा लोड कर पंजाब जा रहे थे। 5 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वे खाना खाने के लिए संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा पहुंचे। इसी दौरान ढाबे के पास हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी का कुछ लोगों से विवाद और मारपीट चल रही थी। शिकायत के अनुसार जब मख्खन सिंह, दरबारा सिंह और इशाक खान विवाद शांत कराने पहुंचे तो आरोपी आग-बबूला हो गया। उसने तीनों के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और ढाबे से तलवार लाकर दरबारा सिंह एवं इशाक खान पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला कर दिया। हमले में दरबारा सिंह की पीठ और इशाक खान के सिर में चोट आई। आरोपी ने प्रार्थी और इशाक खान के वाहन के शीशे भी तोड़ दिए तथा तलवार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सीएसपी निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने कार्रवाई करते हुए डायल-112 टीम की मदद से आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (26 वर्ष) निवासी तरनतारण, पंजाब, हाल मुकाम खालसा ढाबा, संबलपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तलवार जब्त की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ढाबे में तलवार लेकर मचाया उत्पात, बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर हमला
Read Time:2 Minute, 52 Second