बिलासपुर। तखतपुर विकासखंड के ग्राम सरसेनी स्थित प्राथमिक शाला में एक ही कमरे में कई कक्षाओं का संचालन होने की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर विद्यालय का निरीक्षण कराया गया, जिसमें स्कूल का मूल भवन अत्यंत जर्जर और उपयोग के लिए असुरक्षित पाया गया। इसके बाद जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक गुप्ता ने सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि भवन की खराब स्थिति के कारण कई कक्षाओं का संचालन एक ही अतिरिक्त कक्ष में किया जा रहा था, जबकि बालवाड़ी और पहली कक्षा के बच्चों की पढ़ाई आंगनबाड़ी भवन में कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय परिसर अहातायुक्त है और यहां 41 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। भवन जर्जर होने के कारण बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने डीएमएफ मद से 12 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए नए विद्यालय भवन के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है। साथ ही निर्माण एजेंसी को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि नए भवन के निर्माण से सरसेनी प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा एक कमरे में कई कक्षाओं के संचालन की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिले के सभी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एक कमरे में चल रही थीं कई कक्षाएं, कलेक्टर के निर्देश पर प्राथमिक स्कूल को मिलेगा नया भवन
Read Time:2 Minute, 54 Second