बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम डोडकी में दीवार से सटाकर मकान बनाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष पर जानलेवा हमला करने के आरोप में बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार ग्राम डोडकी निवासी रमेश कुमार कोसले (35) ने 13 जुलाई को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच दीवार से हटकर मकान बनाने की बात को लेकर पड़ोसी रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एकराय होकर गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने रमेश कुमार और उनके पिता अंजोरदास को डंडे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की नीयत से मारपीट की। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। दबिश के दौरान मुख्य आरोपी सोहन यादव (60 वर्ष) निवासी ग्राम डोडकी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपने पुत्र के साथ मिलकर प्रार्थी और उसके पिता से मारपीट करना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले के अन्य आरोपी रामू यादव और रामजीवन यादव फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दीवार से सटाकर मकान बनाने के विवाद में खूनी हमला, आरोपी गिरफ्तार
Read Time:2 Minute, 11 Second