बिलासपुर। जनपद पंचायत कोटा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनपुरी के आश्रित ग्राम ढोलमौहा के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को बिलासपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बेदखली की कार्रवाई रोकने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले 40 से 50 वर्षों से उक्त भूमि पर मकान बनाकर रह रहे हैं, लेकिन अब पंचायत उसे सार्वजनिक श्मशान भूमि बताकर कब्जा हटाने का दबाव बना रही है। ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि वर्षों से निवास करने के कारण पंचायत की अनुशंसा पर कई परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला और पक्के मकान बन चुके हैं। वर्तमान में दो मकानों का निर्माण भी जारी है। इसके बावजूद पंचायत की ओर से अचानक नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर मकान हटाकर भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी उन्होंने जमीन के पट्टे के लिए आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उपसरपंच, सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दबाव बनाकर मकान तोड़ने की चेतावनी दी जा रही है। महिलाओं को भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि बेदखली की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वर्षों से निवासरत सभी परिवारों को उसी भूमि का वैध पट्टा प्रदान किया जाए। वहीं ग्रामीणों को ग्राम पंचायत सोनपुरी की ओर से जारी नोटिस में सार्वजनिक श्मशान घाट पर किए गए कथित अतिक्रमण को तीन दिनों के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में उल्लेख है कि ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है तथा निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
50 साल से बसे परिवारों पर बेदखली की तलवार
Read Time:2 Minute, 45 Second