बिलासपुर। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के कथित बयान को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा की प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा दुर्दांत नक्सली हिड़मा का महिमामंडन किया गया है, जो छत्तीसगढ़ के शहीद जवानों और नक्सल हिंसा के पीडि़तों का अपमान है। हर्षिता पांडेय ने कहा कि कांग्रेस विधायक को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी स्पष्ट करने की मांग की कि क्या वह अपने विधायक के इस कथित बयान से सहमत है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं है तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। भाजपा ने दावा किया कि हिड़मा अनेक बड़े नक्सली हमलों का आरोपी रहा है और ऐसे व्यक्ति का महिमामंडन करना नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों तथा प्रभावित परिवारों की भावनाओं को आहत करता है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि अटल श्रीवास्तव सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर सडक़ से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
अटल श्रीवास्तव बिना शर्त माफी मांगें : हर्षिता
Read Time:1 Minute, 37 Second