बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास करने तथा चाकू दिखाकर धमकाने के मामले में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार भूंडा (कोटा) निवासी इस्माइल खान उर्फ सोनू (31) ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई की रात संकेत कुमार जायसवाल अपने दो साथियों के साथ उसके ढाबे में खाना खाने आया था। अगले दिन वह अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंचा और मोबाइल ढाबे में छूट जाने की बात कहकर सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद मोबाइल दिखाई नहीं देने पर आरोपियों ने ढाबे के मिस्त्री विनोद कुमार टोंडे के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर कर्मचारियों से भी विवाद हुआ। शिकायत के अनुसार 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे संकेत कुमार जायसवाल, आर्यन दुबे और उनके चार अन्य साथी दोबारा ढाबे पहुंचे। सभी ने मिलकर पुराने विवाद और रंजिश के चलते ढाबा संचालक व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने पेट्रोल छिड़ककर ढाबे और संचालक को आग लगाने का प्रयास किया तथा बटनदार चाकू और अन्य घातक हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, अन्य सामग्री तथा सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे उर्फ तुषार और राहुल श्रीवास्तव शामिल हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
मोबाइल के विवाद में ढाबे को जलाने की कोशिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
Read Time:3 Minute, 20 Second