बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और नदी, नाले, डैम व जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा है कि बारिश का आनंद लें, लेकिन अपनी जान को जोखिम में न डालें। एसएसपी ने बताया कि बरसात के मौसम में बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने के लिए डैम, जलाशयों और नदी-नालों के किनारे पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों पर पानी का बहाव और जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे होने की आशंका रहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जलाशय में उतरकर वॉटर स्पोर्ट्स या अन्य जोखिम भरी गतिविधियां न करें। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पानी में डूबने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें थोड़ी सी सावधानी बरतकर टाला जा सकता है। इसे देखते हुए संवेदनशील डैमों और जलभराव वाले क्षेत्रों में पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा बल लगातार निगरानी के साथ लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि थोड़ी-सी सतर्कता बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है।
बारिश में जान जोखिम में न डालें, नदी-नालों और डैम से दूर रहें : एसएसपी
Read Time:1 Minute, 58 Second