बिलासपुर। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर को मिली 50 एयर कंडीशंड (एसी) ई-बसों के संचालन के लिए रूट निर्धारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। खास बात यह है कि इस बार बसों के रूट तय करने में आम नागरिकों, छात्रों, कर्मचारियों और नियमित यात्रियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। बिलासपुर जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी ने ई-बसों के संभावित रूट के संबंध में आम जनता से सुझाव आमंत्रित किए हैं। इच्छुक नागरिक अपने सुझाव ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय स्थित विकास भवन के कक्ष क्रमांक-42 में लिखित रूप से भी सुझाव जमा किए जा सकते हैं। प्राप्त सुझावों और तकनीकी अध्ययन के आधार पर अंतिम रूट चार्ट तैयार किया जाएगा। सोसायटी के अनुसार ई-बसों का संचालन इस प्रकार किया जाएगा कि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक क्षेत्रों, प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों तथा आसपास के गांवों से प्रतिदिन आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और श्रमिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। गौरतलब है कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिलासपुर को 50 एसी ई-बसों की स्वीकृति मिली है। इन बसों के संचालन से शहर में पर्यावरण अनुकूल, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही दैनिक यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
बिलासपुर में दौड़ेंगी 50 एसी ई-बसें, तैयारी शुरू
Read Time:2 Minute, 27 Second