• Sat. Aug 1st, 2026

हरिओम अस्पताल पर मौत के बाद शव रोकने के आरोप, परिजन ने मचाया हंगामा

0 0
Read Time:3 Minute, 29 Second

बिलासपुर। शहर के हरिओम हॉस्पिटल में आदिवासी महिला की मौत के बाद शव परिजनों को सौंपने को लेकर गुरुवार को जमकर विवाद हुआ। कांग्रेस ने अस्पताल प्रबंधन पर मृतका का शव कथित तौर पर रोकने और बकाया राशि जमा करने की शर्त रखने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और डॉक्टर से जवाब-तलब किया। बाद में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय केशरवानी ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने शव रोकने और पैसे के लिए बंधक बनाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि महिला की मौत के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक शव सौंपना संभव नहीं था। मामला एमसीबी जिले के ग्राम नेउर, थाना कोराडोल निवासी आदिवासी महिला तिलबसिया से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार महिला पेड़ काटने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें 25 जुलाई को बिलासपुर के हरिओम हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला की हालत बेहद गंभीर थी, जिसके चलते उसे सीधे आईसीयू में भर्ती किया गया। अस्पताल का दावा है कि उसी दिन तोरवा पुलिस को भी सूचना दी गई थी। विजय केशरवानी ने जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव परिजनों को सौंपने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर करीब 84 हजार रुपए की बकाया राशि जमा करने की बात कही। कांग्रेस के अनुसार मृतका के परिजनों ने इलाज के दौरान 21,780 रुपये जमा किए थे। साथ ही महिला का आयुष्मान कार्ड भी बना हुआ था। कांग्रेस ने मामले की जांच, अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर, मजिस्ट्रियल जांच और पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता हरिओम हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर से पूरे मामले को लेकर जवाब मांगा। विवाद बढऩे के बाद विजय केशरवानी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी और वहां से चले गए।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
भूपेन्द्र पाण्डेय

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *