बेलगहना। गुरु के प्रति श्रद्धा, आस्था व भक्ति का महापर्व गुरु पूर्णिमा अद्वैत श्री सिद्ध बाबा आश्रम बेलगहना,मांझीपारा आश्रम बेलगहना सहित मानस तीर्थ सोनकुण्ड में बड़ी ही श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया। सोन कुंड आश्रम में समाधि पूजन तथा दीक्षा का कार्यक्रम संपन्न करने के बाद स्वामी शिवानंद जी महाराज ने बेलगहना पहुंचकर ब्रम्हांलीन स्वामी 1008 स्वामी सदानंद महाराज की खाक की समाधि की पूजा अर्चना की। इस पुनीत अवसर पर आश्रम परिसर में क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं के अलावा विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं सहित हजारों की संख्या में उपस्थित जनों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा परिसर सद्गुरुदेव भगवान की जय कारों से गूंज उठा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आश्रम परिसर में निर्मित गुरु कृपा भक्त निवास तथा स्वामी चेतनानंद ज्ञान मंदिर (ग्रंथालय) का लोकार्पण कार्यक्रम स्वामी शिवानंद महाराज के कर कमलों से संपन्न हुआ। उपस्थित भक्त जनों को संबोधित करते हुए स्वामी शिवानंद ने कहा कि गुरु केवल शरीर नहीं अपित एक दिव्य तत्व है जो संपूर्ण सृष्टि में विद्यमान है। गुरु शिष्य का संबंध आत्मिक होता है।गुरु पूर्णिमा का यह पर्व आत्म चिंतन, साधना तथा गुरु के प्रति समर्पण का महापर्व है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हुए जीवन को सही दिशा देते है। इसी प्रकार मांझीपारा आश्रम बेलगहना में भी वहां साधना मे लीन 1008 श्री श्री चितानंद महाराज एवं स्वामी रूद्रानंद महाराज द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरु स्वामी सदानंद महराज की पूजा अर्चना की गई तथा उपस्थित जनों को गुरु पूर्णिमा पर्व व गुरु की महिमा से अवगत कराया गया। इस पावन अवसर पर कोटा क्षेत्र के विधायक अटल श्रीवास्तव ने भी सिद्ध बाबा आश्रम पहुंचकर संत जनों का आशीर्वाद लिया।
गुरु केवल शरीर नहीं बल्कि दिव्य चेतना का स्वरूप है: स्वामी शिवानंद
Read Time:2 Minute, 56 Second