बिलासपुर। तखतपुर नगर पालिका के सीएमओ की कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दो महिलाओं की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। एक युवक घायल है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा के बाद आरोपी चालक कार समेत फरार हो गया। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने अपने जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया था। तखतपुर नगर पालिका सीएमओ अमरेश सिंह शामिल होने गए थे। वहां से सभी कार से तखतपुर लौट रहे थे। शुक्रवार की रात 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ जरहागांव के पास उनकी कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सडक़ पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से किरण बांसोड़ और हेमलता साहू की मौत हो गई, जबकि भुनेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार सीएमओ अफसर का है। चालक तेज रफ्तार से चला रहा था। टक्कर के दौरान कार की आगे लगी सीएमओ लिखी नंबर प्लेट टूटकर सडक़ पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक सीएमओ के कार से हादसा होने की अधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायल का इलाज जारी है। नंबर प्लेट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार कार ड्राइवर की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस टीम तखतपुर सीएमओ की कार की तलाशी ले सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सीएमओ की कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो महिलाओं की मौत
Read Time:2 Minute, 40 Second