बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रौद्योगिकी संस्थान (सीजीआईटी) में 15 अगस्त को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के सुभाष उद्यान में ध्वजारोहण के साथ हुई। प्राचार्य डॉ. एसके सिंघई ने तिरंगा फहराया। इसके अलावा अमरकंटक, पंचशील, शहीद वीरनारायण, बिलासा और अरपा कन्या छात्रावासों में भी अधीक्षकों ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद एम. विश्वेश्वरैया हॉल में महाविद्यालय परिवार के लिए संबोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. एसके सिंघई ने विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि गौरव, एकता और बलिदान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस सहित स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के योगदान और संघर्ष को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। यांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. जीके अग्रवाल ने वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ के संदर्भ में राष्ट्रप्रेम की भावना पर विचार रखे। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों से तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक इस्तेमाल करने की अपील की। माइनिंग विभागाध्यक्ष प्रो. एसबीएस टेकाम ने शहीद वीर नारायण सिंह सहित स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के योगदान और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के मूल्यों को समझते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रथम वर्ष विभागाध्यक्ष डॉ. एके उपाध्याय ने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वावलंबन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। प्रो. आरके डहरिया और प्रो. इंद्राणी बोरकर ने समानता, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के महत्व पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. एसके सिंघई की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। संचालन प्रो. मनेश मंडावी और संस्था की एनएसएस टीम ने किया। इस अवसर पर डॉ. सीमा चौहान, डॉ. केके सक्सेना सहित सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सीजीआईटी में देशभक्ति के रंग में मना स्वतंत्रता दिवस, वीरों के बलिदान को किया याद
Read Time:4 Minute, 35 Second