बिलासपुर । यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर बेहतर और स्वच्छ खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने नई पहल की है। उसलापुर रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट की शुरुआत की गई है। यहां यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही आधुनिक वातावरण के साथ प्रतिष्ठित ब्रांड के खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। आउटलेट को यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और बेहतर सेवा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। रेलवे का कहना है कि इस सुविधा से यात्रियों को यात्रा के दौरान भोजन और जलपान के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे। उसलापुर स्टेशन पर शुरू किया गया यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट है। इसके जरिए स्टेशन पर राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित खाद्य एवं पेय ब्रांड की सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, परिवार के साथ सफर करने वालों और ट्रेन के आने-जाने के बीच कम समय में भोजन या जलपान करने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी होगी। आउटलेट में स्वच्छ, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट की शुरुआत के साथ उसलापुर स्टेशन पर यात्रियों को खानपान के अधिक सुविधाजनक विकल्प मिलेंगे। आधुनिक स्वरूप, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सेवा के जरिए यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के लगातार विस्तार और आधुनिकीकरण के तहत शुरू की गई यह पहल रेलवे की गुणवत्ता और यात्री सुविधा को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उसलापुर में यात्रियों के लिए नया प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट हुई शुरुआत
Read Time:2 Minute, 44 Second