बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से स्टेशन के वीआईपी गेट नंबर-2 के सामने स्थित डोम परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ब्रास बैंड टीम ने शानदार प्रस्तुति दी। शाम 6.45 बजे से रात 8 बजे तक चले कार्यक्रम में आरपीएफ बैंड ने देशभक्ति से जुड़ी लोकप्रिय धुनों और गीतों की प्रस्तुतियां दीं। ‘वंदे मातरम’, ‘दिल दिया है जान भी देंगे’, ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झांकी हिंदुस्तान की’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ और ‘सारे जहाँ से अच्छा’ जैसे गीतों ने यात्रियों और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। इसके साथ ही स्टेशन परिसर राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने आरपीएफ बैंड की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और कलाकारों की सराहना की। कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। इनके अलावा महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/बिलासपुर, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सहित आरपीएफ, शासकीय रेलवे पुलिस और रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। आयोजन के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
बिलासपुर स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का तराना, आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने बांधा समां
Read Time:3 Minute, 0 Second