बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय में प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के लिए योग एवं शारीरिक गतिविधि सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नोडल अधिकारी एवं खेल अधिकारी श्रीमती ज्योति यादव के संयोजन में हुआ। योग सत्र की शुरुआत करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजकुमार सचदेव ने दैनिक जीवन में योग और हास्य के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक है। इसके बाद नोडल अधिकारी श्रीमती ज्योति यादव ने उपस्थित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली और दीर्घ श्वसन जैसी विभिन्न योग एवं प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में हिस्सा लिया। सत्र के समापन पर प्रतिभागियों ने योगाभ्यास से मिली सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। प्रो. बीके त्रिपाठी ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक कार्य वातावरण को बढ़ावा देना रहा।
योगाभ्यास से शिक्षकों और कर्मचारियों ने पाई नई ऊर्जा
Read Time:2 Minute, 18 Second