बिलासपुर। आगामी ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) और गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में दोनों पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में तय किया गया कि पूजा और धार्मिक आयोजनों के दौरान सडक़ पर इस तरह पंडाल नहीं लगाए जाएंगे, जिससे यातायात बाधित हो। सभी समितियों को पंडाल लगाने से पहले संबंधित थाना प्रभारी और एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने और उनकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी गणेश पूजा पंडालों और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया है। गणेश प्रतिमाओं के लिए मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत तारों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पंडालों में बिजली व्यवस्था की विशेष जांच करने को कहा गया। गणेश विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा रूट चार्ट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएंगे। समितियों को विसर्जन स्थल और जुलूस के रूट की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को देने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर खंजाची कुमार, एसडीएम मनीष साहू, संयुक्त कलेक्टर रजनी भगत, सीएसपी परमेश्वर तिलकवार सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस को मंदिर, मस्जिद, गणेश पंडाल, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। ईद-ए-मिलाद के दौरान भी जुलूस और अन्य आयोजनों से यातायात प्रभावित न हो, इसकी निगरानी करने को कहा गया। नगर निगम को ईदगाह और प्रमुख मार्गों की सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्वों के दौरान भंडारा और लंगर में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, दोना-पत्तल और डस्टबिन की व्यवस्था रखने को कहा गया। सडक़ पर वाहन रोककर प्रसाद वितरण नहीं किया जाएगा। जिला अस्पताल को आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को दोनों पर्व शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ मनाने का भरोसा दिलाया।
ईद-ए-मिलाद और गणेश चतुर्थी पर सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद
Read Time:3 Minute, 55 Second