बिलासपुर। भाई से विवाद के बाद युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। वह करीब 2 घंटे तक टावर पर बैठा रहा। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और मोहल्ले के लोगों ने उसे काफी देर तक नीचे उतरने के लिए समझाया। इसके बाद दो युवकों ने उससे बातचीत कर किसी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि दयालबंद में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला कुंदन केसरी (32) प्राइवेट जॉब करता है। बीते शनिवार की रात किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह गुरु नानक स्कूल के पास अरपा नदी किनारे स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर बैठे देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मोहल्ले के लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाया, लेकिन वह टावर से नीचे आने को तैयार नहीं था। पुलिस ने भी युवक से बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टावर पर ही बैठा रहा। करीब 2 घंटे तक समझाइश के बाद मोहल्ले के दो युवकों ने उससे बातचीत की और किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे थाने ले गई। वहां उससे पूछताछ की गई। युवक ने पुलिस को बताया कि भाई से विवाद होने के बाद वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
विवाद के बाद हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया युवक, 2 घंटे तक चला ड्रामा
Read Time:2 Minute, 10 Second